
उत्तर प्रदेश प्रशासन ने हाथरस जिले की सीमा सील होने और धारा 144 लगाए जाने की जानकारी दे काफिले को आगे बढ़ने से रोका तो गाड़ी छोड़ पैदल ही गंतव्य को रवाना हुए थे।
पुलिस व कार्यकर्ताओं के धक्का-मुक्की के बीच जमीन पर गिरे
रिपोर्ट4इंडिया ब्यूरो/ ग्रेटर नोएडा।
पार्टी कार्यकर्ताओं के काफिले के साथ ग्रेटर नोएडा यमुना एक्सप्रेस-वे से पैदल हाथरस जाने का प्रयास कर रहे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वडेरा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा काफिला रोके जाने पर गाड़ी से निकल कर दोनों नेता कार्यकर्ताओं के साथ पैदल ही हाथरस के लिए यमुना एक्सप्रेस वे से आगे बढ़ रहे थे। कुछ दूर आगे जाने पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
#WATCH Congress leader Rahul Gandhi roughed up by police on his way to Hathras, at Yamuna Expressway, earlier today
Rahul Gandhi has been arrested by police under Section 188 IPC. pic.twitter.com/nU5aUSS64q
— ANI UP (@ANINewsUP) October 1, 2020
हालांकि, इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। झड़प व धक्का-मुक्की के बीच राहुल गांधी जमीन पर गिर पड़े जिन्हें उनके सुरक्षाकर्मियों व पुलिस वालों ने सहारा देकर उठाया। इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं से निपटने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया। उत्तर प्रदेश प्रशासन ने हाथरस जिले की सीमाओं को सील कर दिया है और धारा 144 लगा दी गई है।
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में पीड़िता की मौत के बाद इस वारदात को लेकर उत्तर प्रदेश में राजनीति उबाल पर है। प्रदेश में सभी विपक्षी राजनीतिक पार्टियां इस मामले को हाथों-हाथ लिया है और सबसे पहले हाथरस पहुंचने व परिजनों से मिलकर राजनीतिक तौर पर बाज़ी मार ले जाने की कोशिश में हैं। उधर, इसी शिद्दत से उत्तर प्रदेश सरकार मामले को जल्द से जल्द ठंढा करने को लेकर ‘शाम-दाम-दंड-भेद’ अपना रही है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश हाथरस जिले के चंदपा थाने गांव में बीते 14 सितम्बर में 19 साल की दलित लड़की के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। साथ ही उस पर जानलेवा हमला भी किया गया। परिजनों का आरोप है कि सुबह साढ़े नौ बजे के सवर्ण जाति के करीब चार लोगों ने दलित लड़की के साथ गैंगरेप और दरिंदगी की। अस्पताल में होश आने पर पीड़िता ने अपना दर्द बयान किया था। लड़की की मौत के बाद पुलिस पर जबरन अंतिम संस्कार करने का भी आरोप है।