
” जन्मजयंती के मौके पर अखिल भारतीय पंचायत परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में लोकनायक को याद किया गया। पंचायत परिषद मुख्यालय परिसर में जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय”
रिपोर्ट4इंडिया ब्यूरो/ नई दिल्ली।
अखिल भारतीय पंचायत परिषद के राष्ट्रीय मुख्यालय मयूर विहार फेज-वन में संस्था के संस्थापक और द्वितीय अध्यक्ष लोकनायक जयप्रकाश नारायण को याद किया गया। लोकनायक जन्मजयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लोकनायक के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला गया।

इस मौके पर परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. अशोक चौहान ने कहा कि लोकनायक का लोकहित में संपूर्ण जीवन व संघर्ष अद्वितीय है। उन्होंने लोकनीति के पक्ष राजनीति को एक नई दिशा दी और खासकर आजादी के बाद युवाओं का आह्वान किया कि असल में वे ही राष्ट्र के संरक्षक हैं और संघर्ष का रास्ता ही मंजिल है। इस दौरान देश में पंचायतों के उन्नयन के लिए जयप्रकाश नारायणजी के कार्यों व विचारों को याद किया गया। इस दौरान डॉ. अशोक चौहान ने अखिल भारतीय पंचायत परिषद के प्रांगण में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव प्रस्तुत किया जिसका महामंत्री ध्यान पालसिंह जादौन और जयपाल सिंह सिशोधिया ने समर्थन किया।
इस मौके पर कार्यालय सचिव दिवाकर दुबे, मीडिया सलाहकार बद्री नाथ, राष्ट्रीय सचिव आरएस राठी आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये। देश भर से आए पदाधिकरी व परिषद मुख्यालय कर्मचारी सहित मौजूद सभी ने लोकनायक को श्रद्धा-सुमन अर्पित किये।