रोजाना एक हजार दर्शनार्थियों को नि:शुल्क सुबह-शाम मिलेगा भोजन। ट्रस्ट मंदिर निर्माण में 10 करोड़ रुपए भी देगा
Report4India Bureau/ Ayodhya.
पटना के महावीर मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में अयोध्या में रामलला मंदिर के ठीक बाहर अमावा मंदिर में राम रसोई की शुरुआत रविवार से हो गई। अयोध्या में भगवान राम के दर्शन करने आने वाले एक हजार लोगों को रोजाना निशुल्क भोजन मिलेगा।
महावीर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष किशोर कुणाल ने इसकी शुरुआत की। इसके अलावा, महावीर मंदिर ट्रस्ट 10 करोड़ रुपये चंदे के तौर पर राम मंदिर के लिए ऐलान कर चुका है। इसके लिए बिहार के कैमूर व रोहतास जिले के कैमूर 60 क्विंटल गोविंद भोग और कतरनी चावल अयोध्या भेजा गया है।
कुणाल किशोर ने कहा, सभी चावल कैमूर (बिहार) के मोकरी गांव से मंगवाया गया है। राम रसोई और भगवान के भोग की सेवा लगातार चलती रहेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए अयोध्या के मुख्य पुजारी से बात हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि बिहार में पहले से ही सीतामढ़ी में सीता रसोई चल रही है जहां दिन में 500 लोग और रात में 200 लोगों को मुफ्त में भोजन कराया जाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि शुरुआती दौर में प्रतिदिन एक हजार लोगों के भोजन करने की संभावना है परंतु, राम भक्तों की बढ़ती संख्या के आधार पर ज्यादा से ज्यादा लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाएगी।